- उमरिया जिले के आदिवासी अंचल पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
- जनजाति बंधुओं ने आदिवासी परंपरा के साथ किया प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
भोपाल। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे बूथ विस्तार अभियान के तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा रविवार को उमरिया जिले के आदिवासी अंचल में पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का जनजातीय समाज के लोगों ने आदिवासी परंपरा में जोरदार स्वागत किया। रविवार को बांधवगढ़ विधानसभा के पठारी में बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी ने एक समय कहा था कि कांग्रेस सरकार में एक रुपये जो दिल्ली से भेजा जाता है उसमें से 15 पैसे पहुंचता है। वहीं हमारे मोदी जी ने जन धन योजना से हर व्यक्ति के खाते खुलवाकर सीधा लाभ उसके खाते में भेजने का काम किया। बिचौलिए खत्म हो गए हैं। कांग्रेस ने सिर्फ जनता के साथ वादा खिलाफी की और भाजपा ने हर नागरिक की चिंता की करते हुए उनका हक दिलाया है। भाजपा हर बूथ को मजबूत करके हर हितग्राही को उसका अधिकार दिलाने का काम कर रही है।
कर्मा शैला में नृत्य से स्वागत
भाजपा प्रदेश विष्णुदत्त शर्मा का पठारी बूथ पर जनजातीय बंधुओं ने परम्परागत ‘कर्मा शैलाÓ नृत्य कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। कलाकारों से साथ प्रदेश अध्यक्ष ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाते हुए नृत्य किया। स्वागत के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बूथ समिति एवं मतदाता सूची पन्ना समिति की बैठक को संबोधित किया। जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए।
सरकार ने समाज के हर वर्ग की चिंता की
हितग्राही सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग की चिंता की है। मध्यप्रदेश में यदि कोई व्यक् दुर्घटना का शिकार होता है तो उसे संबल योजना के अंतर्गत 4 लाख रु दिए जाते हैं। मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जहां व्यक्ति के पैदा होने से ही उसे योजनाओं का लाभ मिलता है। बेटी को बोझ नहीं वरदान बनें इसके लिए कन्यादान योजना से लेकर लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजना बनाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मोदी जी ने हर गरीब को पक्की छत देकर उनके सपनों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हर योजना सामाजिक सरोकार से जुड़ी हुई है।
समनु कौल के घर किया भोजन
विष्णुदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही समनु कौल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने समनु कौल और पार्टी नेताओं के साथ भोजन किया। भोजन के बाद उन्होंने योजना के हितग्राही कौल के परिवारजनों से मुलाकात की। तत्पश्चात शर्मा ने कमलपुष्प अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री कालिका प्रसाद बर्मन के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया।