Home » प्रधानमंत्री की महारैली से शुरू होगा भाजपा का जनसंपर्क अभियान, पूरे 9 वर्षों की उपलब्धि गिनाएगी बीजेपी

प्रधानमंत्री की महारैली से शुरू होगा भाजपा का जनसंपर्क अभियान, पूरे 9 वर्षों की उपलब्धि गिनाएगी बीजेपी

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव और पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगुल बजा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बिगुल बुधवार को राजस्थान के अजमेर में फूकेंगे। यहां प्रधानमंत्री एक महारैली को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही कल से देश भर में एक महीने तक चलने वाले जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे। राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होना है।
भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने यहां पार्टी मुख्यालय में बताया कि 30 मई से 30 जून तक देश भर में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान की औपचारिक शुरुआत बुधवार को प्रधानमंत्री की महारैली से होगी। यह अभियान केंद्र में भाजपा के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के जरिए लोगों तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाई जाएगी। जनता से समर्थन की मांग की जाएगी।
जनसंपर्क अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा महासचिव ने बताया कि पार्टी एक महीने में 51 महारैलियां आयोजित करेगी। इसमें प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, परिवहन मंत्री और अन्य बड़े नेता संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि 500 लोकसभा क्षेत्रों 500 बड़ी रैलियों का आयोजन होगा। देश भर के अलग-अलग हिस्सों में 600 पत्रकार वार्ता की जाएगी। चुघ ने कहा कि 5 लाख परिवारों से संपर्क किया जाएगा। उनको बुकलेट दी जाएगी और उनसे समर्थन मांगा जाएगा। विधानसभा स्तर पर रैलियां आयोजित की जाएगी। बूथ स्तर पर भी सम्मेलन, प्रदर्शनी और अन्य गतिविधियां की जाएंगी।
भाजपा महासचिव ने बताया कि महाजनसंपर्क अभियान के लिए देश को 144 कलस्टर में बांटा गया है। इन कलस्टर में तीन से चार लोकसभा क्षेत्र आते हैं। हर कलस्टर में राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े दो बड़े नेता आठ दिन मौजूद रहकर अभियान चलाएंगे। इसके लिए केन्द्रीय मंत्रियों, संगठन के बड़े नेता और अन्य की 288 की सूची बनाई गई है। पूरे अभियान में भाजपा के 16 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सनद रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल पहले 30 मई को दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं पार्टी ने नौ सालों की उपलब्धियां बताने के लिए एक वेबसाइट लांच की है। समर्थन पाने के लिए पार्टी ने एक मोबाइल नंबर जारी किया है जिस पर मिस कॉल कर कोई भी व्यक्ति अपना समर्थन दे सकता है।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd