जगह-जगह हो रहा जोरदार स्वागत
भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के जवाब में भाजपा प्रदेश के 89 आदिवासी विकासखंड से जननायक टंट्या भील की गौरव यात्रा निकाल रही है। यह सभी यात्राएं 3 दिसंबर को पातालपानी पहुंचेगी। गौरव यात्राओं का जगह-जगह जोरदार स्वागत हो रहा है। गुरूवार को जननायक टंट्या भील गौरव यात्राएं बड़वानी, मनावर, रतलाम और सैलाना विधानसभा पहुंची। जहां जनजातीय समाज के लोगों ने यात्राओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। धार जिले की टंट्या मामा गौरव यात्रा गुरूवार को मनावर विधानसभा पहुंची। जहां ग्राम सिंघाना में ग्रामीणों ने गौरव यात्रा रथ का स्वागत किया।
यात्रा में क्षेत्रीय सांसद छतर सिंह दरबार पूर्व मंत्री श्रीमती रंजना बघेल, पार्टी के प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। रंजना बघेल ने सिंघाना में रथ का पूजन किया, जिसके पश्चात मनावर विधानसभा में यात्रा प्रारंभ हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा की अगवानी की और रथ का पूजन किया। लोकनृत्य और लोक संस्कृति की दिखी छटा
बड़वानी जिले की गौरव यात्रा तीसरे दिन ग्राम पाटी पहुंची। जहां यात्रा के आगे आगे जनजातीय कलाकार मनमोहन प्रस्तुतियां दे रहे थे। यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। प्रदेश प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने जनता को टंट्या मामा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचय कराकर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आदिवासी समाज को पेसा-एक्ट के रूप में मिली ऐतिहासिक सौगात की विस्तृत जानकारी दी।
नुक्कड़ सभा में दी पेसा एक्ट की जानकारी
रतलाम में जननायक टंट्या मामा की गौरव यात्रा का शुभारंभ अलकापुरी चौराहे से हुआ। यात्रा का नेतृत्व क्षेत्रीय सांसद गुमान सिंह डामोर व रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने किया। रास्ते में नुक्कड़ सभा को सांसद, विधायक और जनजातीय नेताओं ने संबोधित किया। नुक्कड़ सभाओं में पार्टी नेताओं ने 89 विकासखण्डों में लागू किए गए पेसा एक्ट की जानकारी दी।
आज पेटलावद पहुंचेंगे प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा शुक्रवार को पेटलावद के ग्राम मांडन में गौरव यात्रा में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे। शाम 5.30 बजे वह पूर्व सांसद स्व. फू लचन्द वर्मा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने एवं परिजनों से भेंट करने उनके निवास पहुंचेंगे। शाम 6 बजे इंदौर महानगर कार्यालय में वरिष्ठजनों से भेंट करेंगे। तत्पश्चात श्री शर्मा इंदौर से भोपाल रवाना होंगे।
BJP’s Gaurav Yatra in response to Congress’s yatra.