शाहजहांनाबाद में बीती रात हुआ गैंगवार, पहले से दोनों पक्षों में चल रहा विवाद
भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद इलाके में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते खूनी गैंगवार हो गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दो सगे भाईयों को घायल कर दिया गया। जबकि घायल युवकों के परिवारवालों सहित अन्य साथियों ने हमला कर पहले हमला करने वालों की बहन के गले में गुप्ती मार दी। इससे वह गंभीर जख्मी हुई है। वहीं घायल युवती ने कल सुबह उसकी हत्या का प्रयास करने वाले एक आरोपी के खिलाफ अश्लील इशारे करने का मुकदमा दर्ज कराया था। दिन भर दोनों परिवारों में ठनी रही और रात को विवाद हो गया। इधर पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि किसी की भी गिर तारी भी नहीं की जा सकी है। पूर्व मेें भी दोनों पक्ष एक दूसरे पर हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज करा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार प्रीति चौधरी 27 वर्ष मल्टी बाजपेयी नगर में रहती है। उसके पति डीबी मॉल में स्थित एक शोरूम में काम करते हैं। कल सुबह उसने मोहल्ले में रहने वाले रुपेश उर्फ फुफ्फू पर अश्लील इशारे करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद दिन भर दोनों परिवारों में एक दूसरे को देखकर तानाकशी का दौर चला। प्रीति का आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे वह बहन रेखा के बुलाने पर कॉल पर बात करती हुई उसके घर जा रही थी। तभी आरोपी रुपेश उर्फ फुफ्फू, राहुल, रवि जिक्सर व शानू ने उसे घेर लिया और मारपीट करते हुए गले में गुप्ती मार दी। इधर पुलिस का कहना है कि पीडि़ता ने पहले बताया था कि आरोपियों ने उसे गोली मारी है। इस वारदात के बाद दोनों पक्ष आमने सामने हो गए।
प्रीति के भाई अमित, प्रीति, उसके साथी प्रकाश वाघमारे,रोहित उर्फ बिल्ली और रोशन ने फुफ्फू के घर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग की। गोली फुफ्फू और उसके भाई अभिषेक के पांव में लगी है। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं प्रीति का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने प्रीति की शिकायत पर रुपेश,राहुल,रवि और शानू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं यश कुरे की शिकायत पर प्रीति, उसके भाई अमित, प्रकाश वाघमारे, रोहित बिल्ली,रोशन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बवाल के दौरान आरोपी फरियादी दोनों पक्ष के आधा दर्ज से अधिक लोगों को चोटो आई हैं।