रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजनांदगाँव की विराट जनसभा में हुँकार भरते हुए यह कहा कि आप सबका जोश और बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि आगामी 3 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ में कमल खिलने वाला है शाह ने कहा कि भूपेश बघेल ने 5 साल में क्या किया, इसका जरा हिसाब-किताब जनता के सामने आना चाहिए। शाह ने कहा कि आने वाला चुनाव एक सरकार बनाने भर का चुनाव नहीं है, आने वाला चुनाव विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव है। हर छत्तीसगढ़िया को अपना वोट प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने के लिए देना है।
शाह ने विश्वास दिलाया कि एक बार कमल फूल सरकार बना दो, जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनसे पाई पाई उनसे वसूलेंगे और उनको उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी। 10 साल में कांग्रेस की केन्द्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को दिए केवल 77 हजार करोड़ रुपए, मोदी जी ने 9 साल में 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा दे डाले।
कांग्रेस राज में केवल घोटाले ही घोटाले
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि घोटाले की इतनी बड़ी सूची सार्वजनिक जीवन में कहीं नहीं देखी। शराब घोटाला 2000 करोड रुपए, उनके ऑफिस के अधिकारी जेल जाते हैं। परिवहन घोटाला साढे 500 करोड रुपए का किया। प्रधानमंत्री गरीब अन्नश्री योजना में 5000 करोड़ के चावल का घोटाला किया। 1300 करोड से ज्यादा रुपए का गौठान घोटाला किया, 600 करोड रुपए का पीडीएसफ घोटाला किया, महादेव एप का 5000 करोड रुपए का घोटाला करने का काम इस भूपेश सरकार ने किया है। शाह ने तंज कसा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की नौकरियों को भी नहीं छोड़ा। पब्लिक सर्विस कमीशन का घोटाला कर बच्चों की नौकरियों में भी कमीशन लेने का काम किया है।
न्याय के प्रतीक के रूप में ईश्वर साहू को टिकट
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति के चलते भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई। छत्तीसगढ़ को फिर से एक बार कौमी दंगों का केंद्र बनाना चाहते हैं? भुनेश्वर साहू को न्याय मिलना चाहिए। भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टीकरण के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुनेश्वर साहू को लिंचिंग कर मार दिया। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि भुनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। उनके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को हमने चुनाव के मैदान में उतारा है। अगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आती है तो यही तुष्टीकरण कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ाएगी। राजनांदगाँव जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित चारों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल किया। जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजनांदगांव में जनसभा को संबोधित किया।