- विदिशा व राजगढ़ के ओला प्रभावित गांवों में पहुंचे मुख्यमंत्री, किसानों से मिले
- मुख्यमंत्री ने राजगढ़ के जिला आपूर्ति सहित 3 अधिकारियों को मंच से किया निलंबित
- मुख्यमंत्री बोले- चिंता न करें किसान, मैं घर का मुख्यमंत्री हूं
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को विदिशा और राजगढ़ जिले के ओला प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री सीधे ओला प्रभावित खेतों में पहुंचे और अपने हाथ से फसलों के नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने किसानों को ढांढस बंधाते हए हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने ओला से प्रभावित किसानों को राहत राशि के साथ फसल बीमा क्लेम की 25 प्रतिशत राशि का अग्रिम भुगतान करने की घोषणा की है। राजगढ़ में शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री ने मंच से ही जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी और दो खाद्य निरीक्षकों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ओला प्रभावित खेतों पर जाकर वीडियोग्राफी करें और किसान के सामने पंचनामा बनाकर सर्वे करें। सर्वे सूची ग्राम पंचायत में चस्पा करें, ताकि कोई किसान सर्वे से छूटने न पाए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा जिले के लटेरी तहसील के उनारसी कलां गांव में ओला प्रभावित फसलों का निरीक्षण करने के बाद किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि फसलों में 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 30 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति के साथ ही फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा। बीमा कम्पनी से 25 प्रतिशत क्लेम राशि अग्रिम रूप से दिलाई जाएगी और शेष 75 प्रतिशत राशि क्लेम फाइनल होने पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रभावित किसानों के कर्ज को अल्पकालीन से मध्यमकालीन करने और एक वर्ष के ब्याज की राशि राज्य शासन द्वारा भरे जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री राजगढ़ के कई गांवों की खराब फसलों का जायजा किया और किसानों को संबोधित किया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने राजगढ़ के जिला आपूर्ति अधिकारी एसके वर्मा, खाद्य निरीक्षक जसराम आटव और सुरेश गुर्जर को मंच ने निलंबित करने की घोषणा की।
उनारसी कलां में बनेगा अस्पताल
मुख्यमंत्री श्री चौहान उनारसी कलां गांव में किसानों से रू-ब-रू होकर संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि उनारसी कलां बड़ा गांव है। यहां अस्पताल निर्माण करवाया जाएगा, जिससे आसपास के दर्जनों गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
बुर्जुग फूलबाई को लगाया गले
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम छोटी राघोगढ़ में बुजुर्ग किसान फूलबाई के खेत में फसल का जायजा लेने पहुंचे। ओलावृष्टि से चने की फसल को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए फूलबाई की आंखें नम हो गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फूलबाई को गले लगाया और उसके आंसू पौछते हुए कहा कि चिंता ने करें आपका भाई नुकसान की पूरी भरपाई करवाएगा। उन्होंने फूलबाई को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कलेक्टर को दिये।