हिंगलाज भवानी

हिंगलाज माता मन्दिर, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त के हिंगलाज में हिंगोल नदी के तट पर स्थित एक हिन्दू मन्दिर है। यह हिन्दू देवी सती को समर्पित इक्यावन शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ इस देवी को हिंगलाज देवी या हिंगुला देवी भी कहते हैं। इस मन्दिर को नानी मन्दिर के नामों से भी जाना जाता । पिछले तीन दशकों में इस जगह ने काफी लोकप्रियता पाई है और यह पाकिस्तान के कई हिंदू समुदायों के बीच आस्था का केन्द्र बन गया है।
यह डोडिया राजपूत की प्रथम कुलदेवी हिंगलाज माता पूजनीय है। यह मनणा जागीरदारो, सैफाऊ, सिद्धपजागीरदार (राजपुरोहितो) की कुलदेवी है | एक लोक गाथानुसार चारणों तथा राजपुरोहित की कुलदेवी हिंगलाज है, जिसका निवास स्थान पाकिस्तान के बलुचिस्थान प्रान्त में था। हिंगलाज नाम के अतिरिक्त हिंगलाज देवी का चरित्र या इसका इतिहास अभी तक अप्राप्य है।
शाकम्भरी देवी, सहारनपुर

शक्तिपीठ शाकुम्भरी, जिसका मतलब शक्ति देवी शाकुम्भरी का निवास है, उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश राज्य में सहारनपुर के उत्तर में 40 किलोमीटर की दूरी पर जसमोर गांव के क्षेत्र में स्थित है। इसमें हिंदू देवताओं के दो महत्वपूर्ण मंदिर हैं: एक देवी शाकुम्भरी स्वयं और दूसरा, एक भुरा-देव मंदिर, जो कि एक किलोमीटर दुरी पर है, जिसे माताजी का गार्ड माना जाता है इस देवी को समर्पित एक और काफी प्रसिद्ध मंदिर राजस्थान में समभार झील के पास है। शाकुम्भरी देवी का दूसरा बड़ा मंदिर कर्नाटक के बागलकोट जिले के बादामी में स्थित है।
विंध्यवासिनी शक्तिपीठ

‘भगवती विंध्यवासिनी आद्या महाशक्ति हैं। विन्ध्याचल सदा से उनका निवास-स्थान रहा है। जगदम्बा की नित्य उपस्थिति ने विंध्यगिरिको जाग्रत शक्तिपीठ बना दिया है। महाभारत के विराट पर्व में धर्मराज युधिष्ठिर देवी की स्तुति करते हुए कहते हैं- विन्ध्येचैवनग-श्रेष्ठे तवस्थानंहि शाश्वतम्। हे माता! पर्वतों में श्रेष्ठ विंध्याचलपर आप सदैव विराजमान रहती हैं। पद्मपुराण में विंध्याचल-निवासिनी इन महाशक्ति को विंध्यवासिनी के नाम से संबंधित किया गया है- विन्ध्येविन्ध्याधिवासिनी। श्रीमद्देवीभागवत के दशम स्कन्ध में कथा आती है, सृष्टिकर्ता ब्रह्माजीने जब सबसे पहले अपने मन से स्वायम्भुवमनु और शतरूपा को उत्पन्न किया। तब विवाह करने के उपरान्त स्वायम्भुव मनु ने अपने हाथों से देवी की मूर्ति बनाकर सौ वर्षो तक कठोर तप किया। उनकी तपस्या से संतुष्ट होकर भगवती ने उन्हें निष्कण्टक राज्य, वंश-वृद्धि एवं परम पद पाने का आशीर्वाद दिया। वर देने के बाद महादेवी विंध्याचलपर्वत पर चली गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि सृष्टि के प्रारंभ से ही विंध्यवासिनी की पूजा होती रही है। सृष्टि का विस्तार उनके ही शुभाशीषसे हुआ।
चामुण्डा देवी मंदिर, हिमाचल प्रदेश

चामुंडा देवी मंदिर कांगड़ा ज़िला, हिमाचल प्रदेश के शानदार हिल स्टेशन पालमपुर में स्थित है। इस मंदिर को देवी के शक्तिपीठों में गिना जाता है। बानेर नदी के तट पर बसा यह मंदिर महाकाली को समर्पित है। यहाँ पर आकर श्रद्धालु अपनी भावना के पुष्प मां चामुण्डा देवी के चरणों मे अर्पित करते हैं। मान्यता है कि इस मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। देश के कोने-कोने से भक्त यहाँ आकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते है।
माँ चामुंडा का यह मंदिर लगभग 700 वर्ष पुराना है, जो घने जंगलों और बानेर नदी के पास स्थित है। इस विशाल मंदिर का विशेष धार्मिक महत्त्व है, जो शक्तिपीठों में से एक है। मान्यता है कि यहाँ पर ‘शतचंडी’ का पाठ सुनना और सुनाना श्रेष्ठकर है और इसे सुनने और सुनाने वाले का सारा क्लेश दूर हो जाता है।
ज्वालामुखी मंदिर, हिमाचल प्रदेश

ज्वालामुखी मंदिर, भारतीय राज्य हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी के दक्षिण में 30 किमी की दूरी पर स्थित है। हिन्दू देवी माँ ज्वालामुखी को समर्पित इस मंदिर को ‘जोता वाली का मंदिर’ और ‘नगरकोट’ के नाम से भी जाता है। यह मंदिर माता के 51 शक्तिपीठों में से एक है।
माता के अन्य मंदिरों की तुलना में यह मंदिर अनोखा है क्योंकि यहां पर किसी मूर्ति की पूजा नहीं की जाती है, बल्कि पृथ्वी के गर्भ से निकल रही 09 ज्वालाओं की पूजा होती है। मंदिर के पौराणिक इतिहास के कारण भव्य मंदिर में दर्शन के लिए काफी बड़ी मात्रा में भक्तजन यहाँ आते है।
मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार अत्यंत सुंदर और मनमोहक है। मंदिर में घुसते के साथ ही बायें हाथ पर अकबर नहर है। इस नहर का निर्माण मुग़ल बादशाह अकबर द्वारा करवाया गया था।मंदिर की चोटी पर सोने की परत चढी हुई है।मंदिर में आज भी एक जलकुण्ड है जो देखने मे खौलता हुआ प्रतीत होता है, पर वास्तव मे पानी ठंडा है।यहां मंदिर के अंदर 9 स्थानों पर दिव्य ज्योतियाँ निरंतर प्रज्ज्वलित होती है। ये नौ ज्योतियां माता महाकाली, अन्नपूर्णा, चंडी, हिंगलाज, विंध्यावासनी, महालक्ष्मी, सरस्वती, अम्बिका और अंजीदेवी को समर्पित हैं।
छिन्नमस्तिका पीठ, रजरप्पा

रजरप्पा में छिन्नमस्तिका देवी का मंदिर स्थित है. ये मंदिर शक्तिपीठ के रूप में काफी विख्यात है. असम में स्थित मां कामाख्या मंदिर को दुनिया की सबसे बड़ी शक्तिपीठ कहा जाता है, जबकि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी शक्तिपीठ रजरप्पा में स्थित मां का छिन्नमस्तिका मंदिर है. कहा जाता है कि इस मंदिर में बिना सिर वाली देवी मां की पूजा की जाती है. मान्यता है कि मां इस मंदिर में दर्शन के लिए आए सभी भक्तों की सारी मनोकामनाएंपूरी करती हैं. रजरप्पा के भैरवी-भेड़ा और दामोदर नदी के संगम पर स्थित मां छिन्नमस्तिका के मंदिर को आस्था का धरोहर भी माना जाता है. यहां साल भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी लगी रहती है, लेकिन शारदीय नवरात्र और चैत्र नवरात्र के समय यहां भक्तों की संख्या दोगुनी हो जाती है।