अपने दो वर्ष के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धियां, आगे का पेश किया खाका
सभी प्रदेशों के भाजपा अध्यक्ष शामिल हो रहे बैठक में
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की आज बैठक लेने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी सुबह अहमदाबाद के साबरमती में गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान किया। मतदान के बाद वे नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। यहां वर्ष 2023 में होने वाले मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के विधानसभाओं और वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा आमचुनाव को लेकर तैयारी बैठक लेंगे। बैठक में सभी राज्यों के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।
इसी बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा दिल्ली पहुंचे हैं। सभी प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत करेंगे। इसी कड़ी में विष्णुदत्त शर्मा भी अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में प्रस्तुत करेंगे।
एक साल की कार्ययोजना भी बताएंगे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा अपने दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ अगले एक वर्ष की कार्य योजना का भी खाका प्रस्तुत करेंगे। ज्ञात हो कि अलगे वर्ष नवंबर में मप्र विधानसभा के चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पिछड़े, गरीब और आदिवासियों पर फोकस किया जा रहा है।
बूथ सशक्तिकरण व वोट शेयर की जानकारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजप प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ शाह और नड्डा की मौजूदगी में प्रदेश में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन में की गई कसावट, बैठकों, भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों, युवाओं को पार्टी से जोडऩे के लिए चलाए गए अभियानों के साथ मोर्चा-प्रकोष्ठों और इकाईयों के कामकाज और आम जनता से जुड़ाव के लिए किए गए अन्य कार्यों की जानकारी लेकर दिल्ली गए हैं। प्रदेश में बूथ डिजिटलाईजेशन एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर प्रस्तुत की जाएगी।
देंगे पोर्टल की जानकारी
सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेश इकाई ने एक पोर्टल भी तैयार किया है। पोर्टल में बूथ स्तर तक की गतिविधियों को ब्योरा ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पार्टी को मिलने वाला दान का ब्योरा भी पोर्टल में दर्ज होगा। इससे पार्टी के आर्थिक मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी। इसके अलावा प्रदेश भाजपा कार्यालय के नए भवन को लेकर भी वह चर्चा कर सकते हैं।
बताया जाता है कि प्रदेशाध्यक्ष इन उपलब्धियों को बताने के साथ ही पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को मिली अभूतपूर्व सफलता का ब्योरा भी बैठक में रख सकते हैं। वहीं चुनावी वर्ष में प्रदेश इकाई द्वारा अपनाई जाने वाली रणनीति को लेकर भी चर्चा करेंगे।
VD Sharma arrived in Prime Minister Modi’s meeting with the details of the work.
pradhaanamantree modee kee baithak mein kaamakaaj ka byaura lekar pahunche veedee sharma.