- मप्र के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट
- राजधानी का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्रीसे. दर्ज
भोपाल। हवाओं का रुख बदलने के कारण गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक बार फिर हवाओं का रुख बदलेगा। इससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।
सामान्य रहा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्रीसे. दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। साथ ही बुधवार के अधिकतम तापमान (39.1 डिग्रीसे.) की तुलना में दो डिग्रीसे.कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से दो डिग्रीसे. अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल हुआ है। इसका विशेष प्रभाव मप्र के मौसम पर पडऩे की संभावना नहीं है। यही वजह है कि गुरुवार को हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। इस वजह से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट होने लगी है।
आज न्यूनतम तापमान में आएगी कमी
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में भी कमी आने की संभावना है। शुक्ला के मुताबिक चार अप्रैल को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होगा। इस सिस्टम की तीव्रता अधिक होने से हवा का रुख बदलने की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने से पांच अप्रैल से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश के चार महानगरों में भोपाल का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री, इंदौर का अधिकतम तापमान 36.9 न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री, जबलपुर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री एवं न्यूनतम 22.6 डिग्री एवं ग्वालियर का अधिकतम 37.5 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।