- भाजपा के आधा दर्जन स्टार प्रचारक पहुंचे दमोह, तेज हुआ प्रचार
स्वदेश ब्यूरो, भोपाल
दमोह विधानसभा उपचुनाव के नतीजे अपने पक्ष में लाने के लिए प्रदेश भाजपा ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित आधा दर्जन स्टार प्रचारकों ने वहां अलग-अलग जनसभाएं की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार पर तंज कसा। श्री चौहान ने मतदाताओं से कहा कि अब कमलनाथ की नहीं, प्रदेश में भाजपा की सरकार है और दमोह विस क्षेत्र के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। वहीं पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने उद्बोधन में कांग्रेस पर प्रदेश की जनता से छल-कपट करने का आरोप लगाया।
जिले के बांसा तारखेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 के चुनाव में वोट हमें ज्यादा मिले, लेकिन कांग्रेस को कुछ सीटें ज्यादा मिल गईं। हम चाहते तो तब भी सरकार बना सकते थे, लेकिन हमने कहा इन्हें ही बनाने दो। कमलनाथ मुख्यमंत्री बने और पर्दे के पीछे से सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे थे। लेकिन हमने ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा। किसानों से उड़द खरीदी पर पैसे नहीं दिये। धान नहीं खरीदी, चना-मसूर नहीं खरीदा। किसानों को एक पैसा नहीं दिया, विकास का कोई काम नहीं किया। इन्होंने सिर्फ मेडिकल कॉलेज, विकास की योजनाएं और किसानों का पैसा ही नहीं छीना, संबल जैसी गरीब कल्याण की योजनाएं भी बंद कर दी। लेकिन ये कमलनाथ नहीं, भाजपा की सरकार है। मैं आपको वचन देता हूं, आप राहुल सिंह लोधी को अपना विधायक चुनिये, हम विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
ये विकास को रोकने वाले भला कैसे करेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार बहनों को प्रसव पर मिलने वाले लड्डू के पैसे खा गई। कन्यादान योजना के पैसे नहीं दिये। किसानों की राहत, मुआवजा और फसल बीमा खा गए। कमलनाथ के पास मंत्री-विधायकों की बात सुनने के लिए समय नहीं था। उनके पास एक ही जवाब होता था, पैसा नहीं है। प्रदेश में विकास के काम रोक दिये। कमलनाथ और दिग्विजय की जोड़ी ने प्रदेश को लूट लिया। वल्लभभवन को दलालों और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस में धरा क्या है? क्या ये भ्रष्टाचार करने वाले, पैसे खाने वाले और विकास को रोक देने वाले किसी का भला कर सकते हैं? इसलिए इनकी बातों में मत आइये।
हम विकास की गंगा बहाएंगे
श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने आते ही किसानों को फसल बीमा के 3100 करोड़ रुपये दिलाए। जब से हमारी सरकार आई है, किसानों के खातों में 89000 करोड़ रुपये पहुंचाए जा चुके हैं। किसान सम्मान निधि की राशि में हमने 4000 रुपये और जोड़े हैं। हमने बंद की गई संबल जैसी योजनाएं फि र से शुरू कर दी हैं। अब किसानों को चिंता की जरूरत नहीं, हम उनकी उपज का एक एक दाना खरीदेंगे। गरीब भांजे-भांजी सिर्फ पढ़ाई करें, मेडिकल इंजीनियरिंग की फीस मामा भरेगा। श्री चौहान ने कहा कि विकास की गंगा बहाएंगे और दमोह को सबसे अच्छी विधानसभाओं में से एक बनाएंगे।
गरीबों के हितों का संरक्षण करने वाली पार्टी है भाजपा: उमा

इधर, दमोह के ग्राम इमलिया घाट में आयोजित एक जनसभा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी संबोधित किया। केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल एवं पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी उनके साथ थे। सुश्री भारती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों के हितों का संरक्षण और उनके उत्थान के लिए काम करती है। केंद्र की हमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए ही संचालित हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी विकास का पर्याय है। इसलिए दमोह के विकास के लिए यह जरूरी है कि आगामी 17 तारीख को होने वाले मतदान में आपका भी एक-एक वोट भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राहुल सिंह को मिले। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बहुत मजबूत वटवृक्ष है। यह तपस्या के आधार पर खड़ा हुआ संगठन है। गरीबों के दर्द को समझने वाले लोग केवल भाजपा में ही हैं। इसलिए भाजपा को जिताने का मतलब भारत को बचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भरोसा नहीं था कि उनकी सरकार बनेगी, इसलिए उन्होंने सैकड़ों वादे प्रदेश की जनता से कर दिए। उनकी सरकार बनी तो वे वादे पूरे नहीं कर पाए, इसलिए उन्हीं की पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आ गए। आज भाजपा सरकार में गरीबों के कल्याण की अनेक योजनाएं प्रदेश में संचालित हो रही हैं। इस उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में होने वाला प्रत्येक वोट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाएगा।

हमें जीत का नया रिकॉर्ड बनाना है: विष्णुदत्त शर्मा
सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ, छल और कपट करने वाली पार्टी है, इस पार्टी को चुनाव में सबक सिखाना है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने हर वर्ग के साथ छल किया। गरीबों के कल्याण के लिए शुरू की गई सारी योजनाएं बंद कर दीं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने कभी गरीबी हटाने का नारा नहीं दिया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकारों ने गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम किया है। गरीबों के पास पक्के मकान हों, रसोई गैस हो, बीमारी के इलाज के लिए 5 लाख तक की सहायता मिले, यह सब देश के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संभव कर दिखाया है।

भाजपा गरीबों की पार्टी: प्रहलाद पटेल
केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव, गरीब और मजदूरों की पार्टी है। किसी भी मजदूर और गरीब को बीमारी और लाचारी में भारतीय जनता पार्टी अकेला नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि गरीबों की पीड़ा को समझकर ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबल योजना बनाई जिसे कमलनाथ सरकार ने बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार-सरकार का यह फ र्क हमें समझना होगा।

चार इंजनों की गति से होगा विकास: भार्गव
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मैं 20 साल विपक्ष का विधायक रहा हूं, क्षेत्र में विकास कैसे होता है, यह मैं भली भांति जानता हूं। भाजपा सरकार ने मेरे क्षेत्र में उद्यानिकी महाविद्यालय दिया था, जिसे मुख्यमंत्री रहते हुए कमलनाथ छिंदवाड़ा ले गये थे। दमोह को मेडिकल कालेज की आवश्यकता थी, जिसके लिए राहुल सिंह लोधी ने प्रयास किये, लेकिन कांग्रेस की सरकार रहते हुए यह संभव नहीं हो पाया। जनता को मेडिकल कालेज मिले इसके लिए राहुल सिंह लोधी ने अपनी विधायकी छोड़ी और भाजपा का दामन थामा। उन्होनें कहा कि चिकित्सा, शिक्षा, विकास, तरक्की, पेयजल और सिंचाई की व्यवस्था सब भाजपा में ही संभव है।
भाजपा और विकास एक दूसरे के पर्याय: मलैया
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत मलैया ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास और भाजपा एक दूसरे के पर्याय है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही विकास संभव है। उन्होनें कहा कि भाजपा सरकार में दमोह के लिए नल-जल योजनाएं स्वीकृत की थी, अंचल के कुछ गांव उसमें छूट गये थे। कांग्रेस सरकार में उन गांवों को योजना के अंतर्गत जुड़वाने के बहुत प्रयास किये, लेकिन कमलनाथ सरकार ने एक भी गांव का नाम नहीं जोड़ा। भाजपा की सरकार आते ही उन गांवों के नाम योजना में जोड़े और बंद पड़ी परियोजना को फिर से शुरू किया।
इन्होंने भी किया संबोधित
सभा को राज्य शासन के मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक रामेश्वर शर्मा एवं जगत सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी पी.मुरलीधर राव, मंत्री भूपेन्द्र सिंह, मंत्री प्रभुराम चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं क ार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पहले श्री राव के भोपाल पहुंचने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। दोपहर में वह मुख्यमंत्री के साथ दमोह पहुंचे। श्री राव शुक्रवार को भी वहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।