- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बैतूल में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
भोपाल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को बैतूल में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी भाजपा को मिली सफ लता से राष्ट्र विरोधी ताकतें बेचैन हैं। ये ताकतें लोगों को धर्म-संस्कृति और सभ्यता से विचलित करने का काम कर रही हैं। ऐसे समय में पार्टी के बूथ विस्तारक अभियान की महत्ता और भी बढ़ जाती है। हमारे सभी कार्यकर्ता बूथ विस्तारक अभियान के जरिए बूथ को सक्षम बनाकर राष्ट्रविरोधी ताकतों को परास्त कर सकते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत के 70 प्रतिशत से अधिक भू-भाग पर भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए गर्वका विषय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता के माध्यम से गरीबों के जीवन को बदलने का काम कर रहे हैं। हमारी केंद्र और प्रदेश की सरकारें अंत्योदय के विचार पर चलते हुए समाज कल्याण के अभियान में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे संगठन की कार्य पद्धति का ही प्रभाव है कि देश में इतनी बड़ी ताकत होने के बावजूद भी हमारे कार्यकर्ता विनम्र भाव से समाजसेवा के काम में लगे हुए हैं। जब कार्यकर्ता हमारे महापुरुषों के जीवन की पृष्ठभूमि में झांकते हैं तो उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में काम करने की एक दिशा मिलती है।
जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण
श्री शर्मा ने जिले के जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसी नेता पर समाज का भरपूर विश्वास होता है तभी वह जनप्रतिनिधि बन पाता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच जो मेहनत करता है उससे पार्टी को भी मजबूती मिलती है। जनप्रतिनिधि के नाते भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी का स्वभाव और व्यवहार पार्टी की छवि निर्माण करने का काम करता है। अत: हमारे पदाधिकारी को समाज के लिए सहज, सुलभ और सरल होना चाहिए। हम पार्टी में जिस भी पद पर हैं उसके अनुरूप हमारा व्यवहार भी होना चाहिए। हमें राजनीति में सामूहिकता लाने का प्रयास करना चाहिए। सुनने का मानस बनाकर कार्यप्रणाली में सुधार करने का प्रयास भी लगातार करते रहना चाहिए।
हर वर्ग को पार्टी से जोडऩे का काम करें
श्री शर्मा ने बाद में पार्टी के मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता अपने संबंधित वर्ग को पार्टी से जोडऩे का काम करें। विभिन्न वर्गों के लिए सरकार द्वारा लागू कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी रखें। श्री शर्मा ने जिले में प्रवास के दौरान पिछड़ा वर्ग के नेता एवं बैतूल गंज मंडल के महामंत्री गीतेश बारस्कर के घर दोपहर का भोजन किया।
नेताओं को बदनाम करने का टेंडर लेते हैं दिग्विजय: शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को लगातार दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह पर करारा हमला बोला। सम्मेलन से पूर्व आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह आतंकवादियों का समर्थन करते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं। राष्ट्रवाद की विचारधारा के खिलाफ चलते हैं। ऐसे दिग्विजय सिंह यदि मुझ पर आरोप लगाते हैं तो
उनका जवाब देने में मुझे कष्ट होता है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे दलाली खाकर नेताओं को बदनाम करने का टेंडर लेने का काम करते हैं। दिग्विजय सिंह द्वारा उन पर लगाए आरोप के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरा जीवन कैसा है यह दिग्विजय सिंह तय नही करेंगे या उनके जैसे देशद्रोही तय नहीं करेंगे। मेरी जनता मेरे कार्यकर्ता मुझ पर विश्वास करते हैं।