अमेरिका में भाजपा के लिए काम कर रहे हितैषी अब अमेरिकी एजेंसियों की जांच के घेरे में आ गए हैं। बता दें कि अमेरिका में कई भारतीय अमेरिकियों के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। दरअसल , यह कार्रवाई अमेरिका में फॉरेन एजेंट रजिस्ट्रेशन एक्ट यानि की FARA के तहत हो रही है। वहीं बता दें कि अमेरिका में नागरिकों के विदेशी सरकारों के लिए लॉबिंग करना अवैध है। उन्हें रजिस्ट्रेशन कराना होता है। तिमाही आधार पर गतिविधियों और फीस का ब्योरा देना होता है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता ने दो भारतीय अमेरिकियों की FARA के तहत जांच की पुष्टि या खंडन से इनकार किया है।
आजादी के अमृत महोत्सव की रैली में बुलडोजर का इस्तेमाल करने पर ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ भाजपा विवादों में घिर गया था। मुस्लिमों और अफ्रीकी अमेरिकियों के पैरोकार समूहों ने इसकी आलोचना करते हुए कहा था कि यह भारत में अल्पसंख्यकों के दमन का प्रतीक है। अमेरिका में भारत की दक्षिणपंथी राजनीति की गतिविधियों के बढ़ने की CIA और FBI से जांच की मांग भी की है। बीजीआर गवर्नमेंट अफेयर्स भारत सरकार के लिए लॉबिंग करती है। अक्टूबर 2022 से मार्च 2023 तक 6 महीने में इसने भारत सरकार से करीब 2.4 करोड़ रुपए फीस ली है।