ह्यूस्टन। अमेरिका में कई वर्षो तक समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतरीन सेवाएं देने वाली भारतीय मूल की सोनल भूचर के नाम पर टेक्सास में एक स्कूल का नाम रखा जाएगा। सोनल अब इस दुनिया में नहीं है। सोनल की 58 साल की उम्र में 2019 में कैंसर से मौत हो गई थी। फोर्ट्र बेंड इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्टि्रक्ट बोर्ड के ट्रस्टीज ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया है। स्कूल 2023 में रिवरस्टोर कम्युनिटी में शुरू हो जाएगा। मूल रूप से मुंबई की रहने वाली सोनल पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट थीं।
उन्होंने फिजिकल थेरेपी में स्नातक की डिग्री बांबे यूनिवर्सिटी से हासिल की थी। 1984 में वह अपने पति सुबोध भूचर के साथ ह्यूस्टन चली गई थीं। यहां अपने काम के साथ ही सोनल समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हो गईं। वह छह साल तक फोर्ट बेंड आइएसडी में ट्रस्टी रहीं और दो साल तक अध्यक्ष रहीं। 2015 में उन्हें टेक्सास के गवर्नर से वन स्टार नेशनल सर्विस कमीशन बोर्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे दी। इन सभी संस्थाओं में उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली थी।