गर्मी के दिनों में कई ऐसे फल बहुतायत मात्रा में उपलब्ध होते हैं, जिन्हें स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से काफी पसंदीदा माना जाता है। तरबूज ऐसा ही एक फल है, जिसे इसका स्वाद और पोषक तत्व, काफी खास बनाते हैं। पानी से भरपूर यह फल आपको डिहाइड्रेशन से बचाने के साथ तरोताजा रखने में भी काफी सहायक माना जाता है। इसमें कैलोरी की मात्रा भी काफी कम होती है, ऐसे में इसके सेवन से वजन बढ़ने का खतरा भी नहीं होता है।
अध्ययनों से पता चलता है कि यह फल विटामिन्स, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट्स सहित शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है।
तरबूज में लगभग 90% पानी होता है, जो इसे गर्मियों में हाइड्रेशन के लिहाज से काफी फायदेमंद फल बनाता है। इसके अलावा तरबूज में कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो शरीर को मुक्त कणों से होने वाली क्षति से बचाने में काफी सहायक हैं। इस मौसम में रोजाना तरबूज खाने की आदत बनाकर आप सेहत से संबंधित कई तरह के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आइए तरबूज खाने से होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।
रक्त चाप रहता है कंट्रोल
अध्ययनों से पता चलता है कि तरबूज का सेवन करने से रक्तचाप को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। साल 2012 के एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि तरबूज का अर्क रक्तचाप को कम रखने में सहायक है। इसके अलावा एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि तरबूज में दो एंटीऑक्सीडेंट्स एल-सिट्रूलाइन और एल-आर्जिनिन भी पाया जाता है जो धमनियों के कार्य में सुधार करने के साथ ब्लड प्रेशर को कम करने में सहायक है।
अस्थमा रोगियों के लिए फायदेमंद
कुछ अध्ययनों में जिक्र मिलता है कि तरबूज खाना अस्थमा की समस्याओं के प्रबंधन में काफी सहायक हो सकता है। शोध में पाया गया है कि फ्री रेडिकल्स के कारण अस्थमा होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में तरबूज में मौजूद पोषक तत्व इस समस्या के लक्षणों को कम करने में सहायक हो सकते हैं। माना जाता है कि विटामिन-सी वाली चीजों का सेवन करना अस्थमा की समस्याओं में काफी फायदेमंद होता है। 154 ग्राम तरबूज से 12.5 मिलीग्राम विटामिन-सी प्राप्त होता है, जो इस रोग में आपके लिए काफी सहायक है।
पाचन को रखता है ठीक
पाचन की समस्याओं से परेशान लोगों के लिए भी तरबूज खाना फायदेमंद माना जाता है। तरबूज में पानी और फाइबर की मात्रा अधिक होती है जो कब्ज को रोकने और मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। तरबूज में पानी के साथ पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स भी होते हैं जो पाचन को ठीक रखने में काफी मददगार हैं।
तरबूज के साइड-इफेक्ट्स
वैसे तो तरबूज खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है, हालांकि इसमें शुगर की मात्रा अधिक होती है जिसके कारण इससे ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने का खतरा हो सकता है। डायबिटीज रोगियों के लिए इसका सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। इसके अलावा तरबूज से कुछ लोगों को एलर्जी की दिक्कत भी हो सकती है, जिसका ध्यान रखा जाना आवश्यक होता है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।