Home »  कांग्रेस सरकार की सत्ता वापसी पर होगी जातीय जनगणना, 10 लाख गरीबों को देंगे आवास : प्रियंका

 कांग्रेस सरकार की सत्ता वापसी पर होगी जातीय जनगणना, 10 लाख गरीबों को देंगे आवास : प्रियंका

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले को 866 करोड़ के विकास कार्याें की सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जातीय जनगणना को लेकर सियासी दांव चला है। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा, प्रदेश में सत्ता वापसी पर कांग्रेस बिहार की तरह छत्तीसगढ़ में जातीय जनगणना कराएगी। प्रियंका ने कहा, छत्तीसगढ़ में बड़े-बड़े पोस्ट पर एससी एसटी या पिछड़ा वर्ग के लोग हैं। ऐसे में प्रदेश जातीय जनगणना क्यों नहीं होनी चाहिए।


प्रियंका ने कहा, छत्तीसगढ़ के विकास माडल की पूरी देश में चर्चा हो रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, कांग्रेस की सरकार दोबारा सत्ता वापस आई तो प्रदेश के गरीबों के लिए 10 लाख आवास का निर्माण किया जाएगा।
प्रियंका ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार को जमकर घेरा। प्रियंका गांधी ने कहा, महंगाई इतनी ज्यादा हो गई है। देश की जनता महंगाई से परेशान हैं। उधर, प्रधानमंत्री मोदी आठ हजार करोड़ का एक हवाई जहाज खरीदते हैं। 20 हजार करोड़ का नया सांसद बनवाया, 27 हजार करोड़ का नया हाल बनवाया।


उन्होंने कहा समय के साथ ही विश्वास पैदा होता है। आज अगर आपको छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भरोसा है, तो इसलिए कि यहां की मौजूदा सरकार कांग्रेस की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। मेरे परिवार का छत्तीसगढ़ से पुराना नाता है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंडित नेहरू यहां आए थे। मेरी दादी इंदिरा जी 1972 में बस्तर आईं थीं। मेरे पिता और मां भी छत्तीसगढ़ के लोगों की समस्याओं को समझने और परामर्श लेने के लिए कई बार बस्तर आए थे। इस तरह छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी का विश्वास बना।

ये भी पढ़ें:  सीएम धामी ने गृहमंत्री अमित शाह के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर उनका स्वागत किया


प्रियंका गांधी जी से लेकर राजीव गांधी तक का सपना कांग्रेस ने पूरा किया। गांव-गांव तक लोकतंत्र पहुंचा। लोकतंत्र की नींव पंचायतों में है। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, यहां की कांग्रेस सरकार ने आपके (जनता) लिए काम किया है। पिछले 5 वर्षों में यहां के 40 लाख लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत कांकेर जिला पहुंचीं। कांकेर के गोविंदपुर स्थित हेलीपैड में विधायक शिशुपाल सोरी, सावित्री मंडावी, अनूप नाग सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उनके साथ मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्‍यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी मौजूद रहीं।


इस दौरान प्रियंका गांधी जनरल गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं से मिलीं। हॉस्टल की छात्राएं बड़े उत्साह से गांधी से मिली। इस अवसर पर प्रियंका ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और करियर को लेकर बातें की और उनके साथ सेल्फी भी खिंचाई। इससे पहले प्रियंका गांधी छत्‍तीसगढ़ प्रवास के तहत रायपुर पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनका स्वागत किया।

ये भी पढ़ें:  भोपाल से एक साथ लापता हुईं 4 बच्चियां, इटारसी स्टेशन से बरामद

कांकेर को 866 करोड़ के विकास कार्याें की सौगात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जिला मुख्यालय कांकेर के गोविन्दपुर खेल मैदान में 06 अक्टूबर को आयोजित ‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ में कांकेर जिले को 866 करोड़ रूपए के विकास कार्याें की सौगात दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती प्रियंका गांधी शामिल हुई। इन विकास कार्यों में 550.13 करोड़ रूपये के 277 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और 316.03 करोड़ रूपये के 241 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। साथ ही कार्यक्रम में जिले के 12 हजार 730 हितग्राहियों को लगभग 5.78 करोड़ रूपए की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री का वितरण किया गया। महासम्मेलन में भूमिपूजन-लोकार्पण किये जाने वाले कार्यों में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 84.22 करोड़ रुपये की लागत से 120 कार्यों का भूमिपूजन और 261.61 करोड़ रुपये की लागत के 86 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत कुल 427.46 करोड़ रूपए की लागत के 103 कार्यों का भूमिपूजन और 36.73 करोड़ रुपये की लागत के 91 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कांकेर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 38.43 करोड़ की लागत के 54 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन 17.67 करोड़ की लागत के 64 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों में प्रमुख रूप से छात्रावास भवन, सड़क, पुल-पुलिया, देवगुड़ी, उचित मूल्य की दुकान सह गोदाम, प्रतीक्षालय, आंगनबाड़ी भवन, मुक्तिधाम, घोटुल, सामुदायिक शौचालय, सीड प्रोसेसिंग यूनिट, सामुदायिक एवं सामाजिक भवन, नल जल प्रदाय योजना, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बाजार शेड निर्माण, रंगमंच सहित ऑडिटोरियम आदि का निर्माण कार्य शामिल है। ‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ में मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों के द्वारा विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत कुल 12 हजार 730 हितग्राहियों को 5.78 करोड़ रूपए की सामग्री, ऋण स्वीकृति पत्रक, चेक, अनुदान, वन अधिकार मान्यता पत्र आदि का वितरण किया किया।

ये भी पढ़ें:  आयकर विभाग के छापों में ओडिशा से अबतक 290 करोड़ बरामद, 9 लॉकरों की जांच अभी बाकी

बड़ी घोषणाएं

  1. छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनियों में एक अप्रैल 2004 और इसके उपरांत नियुक्त लगभग 10 हजार कर्मियों के लिए नवीन अंशदायी पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा।
  2. पुलिस उप निरीक्षकों के पदों पर पदोन्नति अब 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने की घोषणा।
  3. कृषि महाविद्यालय पखांजूर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के नाम पर किए जाने की घोषणा।
  4. हल्बी, गोंडी, सरगुजिहा, भतरा जैसे स्थानीय बोलियों में पढ़ाई के साथ-साथ अब इन भाषाओं में शिक्षकों की नियुक्ति करने की घोषणा।
  5. चारामा विकासखंड टंहकापार में महानदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण।
  6. कांकेर नरहरपुर मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
  7. आदिवासी पुस्तकालय की स्थापना।
  8. अंतागढ़ से घोड़ागांव, अंजारी मार्ग पर पुल निर्माण।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd