रायपुर। रायपुर की पुलिस ने गुजरात के सूरत शहर से हितेश मधु नाम के कारोबारी को गिरफ्तार किया है। हितेश मधु महाराष्ट्र के सोलापुर में शक्कर का कारोबार करता था। ये देशभर के कारोबारियों को शक्कर सप्लाई किया करता था। जब भी कोई बड़ा ऑर्डर मिलता था तो उसके एडवांस लेकर वह अक्सर धोखा देने की ताक में रहता था। रायपुर के डूमरतराई मार्केट के एक दुकानदार को हितेश ने ऐसी ही चाल चलकर ठग लिया था। इस मामले में माना पुलिस ने FIR दर्ज की थी।
यह है पूरा मामला
रायपुर के शक्कर कारोबारी आकाश पुगलिया की डूमरतराई में दुकान है। आकाश ने बताया कि साल 2016 में वो हितेश मधु के संपर्क में आया था। शुरूआत में सब कुछ ठीक था। हितेश ने जब एडवांस लिया तो शक्कर भी भेजी। एक दो बार तो एडवांस वापस भी दिया। इस वजह से उस पर भरोसा हुआ। साल 2018 में अलग-अलग किस्तों में 6 करोड़ रुपए एडवांस के तौर पर हितेश ने लिए। बदले में शक्कर भेजने की बात पर पर वो टाल मटोल करता रहा। तंग आकर रायपुर पुलिस से इसकी शिकायत की गई।
आरोपी की तलाश करने पुलिस महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंची। वहां ये बात पता चली कि हितेश यह अपने गांव गुजरात भाग रहा था। दरअसल उसे उसके खिलाफ हुई FIR के बारे में पता लग गया था। पुलिस ने इसका पता लगा लिया और सूरत जाकर से गिरफ्तार करके अब रायपुर लाया गया है। पुलिस को यह जानकारी मिली है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई दूसरे कारोबारियों के साथ भी हितेश ने करोड़ों रुपए की ठगी की है। उससे इस बारें में भी पूछताछ की जा रही है।